Breaking Newsभारत

गोरखपुर : देर रात पुलिस लाइन में SSP की गोष्ठी, अपराध नियंत्रण पर सख्त निर्देश

देर रात पुलिस लाइन में SSP की गोष्ठी, अपराध नियंत्रण पर सख्त निर्देश

कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों व अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश

गोरखपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने देर रात्रि पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही वारंटियों की गिरफ्तारी, वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ और हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया।

एसएसपी ने कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने और रात्रि पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।

बैठक के दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए।

एसएसपी ने यह भी कहा कि थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए और किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ अच्छा व्यवहार रखने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने की भी हिदायत दी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश पुरी, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव सहित समस्त क्षेत्राधिकारीगण, सभी थाना प्रभारी/थानाध्यक्ष, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के अंत में एसएसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और सतर्कता से ही अपराधों पर नियंत्रण संभव है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button