Breaking Newsभारत

गाजीपुर : वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य को लेकर डीएम ने कसी कमर, विभागों को दिए प्रभावी कार्ययोजना के निर्देश

वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य को लेकर डीएम ने कसी कमर, विभागों को दिए प्रभावी कार्ययोजना के निर्देश

कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय समिति की बैठक, निवेश, उत्पादन, रोजगार सृजन और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य में जनपद गाजीपुर की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्योग, व्यापार, कृषि, उद्यान, सेवा क्षेत्र एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही अधिक से अधिक निवेश, उत्पादन और रोजगार सृजन के लिए नवाचार अपनाने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जनपद की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी चन्द्रशेखर प्रसाद ने वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए जनपद की आर्थिक संरचना, प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा संभावनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही विभागवार प्रगति एवं आर्थिक संकेतकों की समीक्षा भी प्रस्तुत की गई।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, राज्यकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को उत्पादन बढ़ाने, विभागीय आंकड़ों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने तथा सभी सूचनाओं की शुद्धता के साथ समयबद्ध डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सटीक और प्रमाणिक आंकड़े ही बेहतर योजना निर्माण और विकास की मजबूत आधारशिला होते हैं।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी विभागीय प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की। अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयासों के माध्यम से गाजीपुर को आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में उप कृषि निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button