गाजीपुर : रेवतीपुर ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, लापरवाही पर वेतन रोकने के दिए निर्देश

रेवतीपुर ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, लापरवाही पर वेतन रोकने के दिए निर्देश
शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया

गाजीपुर, 15 जुलाई। विकास खंड रेवतीपुर की ग्राम पंचायत रेवतीपुर में बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा विकास कार्यों की समीक्षा करना रहा।ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व, पेंशन तथा अन्य योजनाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों के माध्यम से सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला सहित सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। वहीं एमओवाईसी रेवतीपुर में आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सुगमता के साथ मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को गांवों में नियमित भ्रमण कर समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा विकास कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची भी ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



