लखनऊ: मवैया में रेलवे की जमीन पर चला बुलडोजर, 400 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त

लखनऊ: मवैया में रेलवे की जमीन पर चला बुलडोजर, 400 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त
लखनऊ। राजधानी के आलमबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत मवैया इलाके में बुधवार को रेलवे की जमीन पर सालों से किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई की है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर 400 से अधिक अवैध दुकानों और झोपड़पट्टियों को मलबे में तब्दील कर दिया। यह अतिक्रमण हटाओ अभियान मवैया तिवारी होटल से लेकर मछली मंडी तक चलाया जा रहा है।
कई बार नोटिस देने के बाद हुई कार्रवाई
संबंधित अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे भूमि पर लंबे समय से काबिज इन अतिक्रमणकारियों को पहले ही कई बार कानूनी नोटिस जारी किए जा चुके थे। उन्हें स्वयं ही कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी जब अवैध निर्माण नहीं हटाए गए, तब संयुक्त टीम ने बलपूर्वक यह बुलडोजर कार्रवाई शुरू की।
भारी सुरक्षा बल तैनात, चप्पे-चप्पे पर नजर
अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस के जवान भारी संख्या में तैनात हैं। साथ ही नगर निगम और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।



