ईसानगर,(लखीमपुर-खीरी) : सावन से पहले अलर्ट मोड में ईसानगर पुलिस, कांवड़ यात्रा मार्ग और गंगा घाटों का निरीक्षण कर की जाँच पड़ताल

सावन से पहले अलर्ट मोड में ईसानगर पुलिस, कांवड़ यात्रा मार्ग और गंगा घाटों का निरीक्षण कर की जाँच पड़ताल
(अनुपम मिश्रा)

ईसानगर,(लखीमपुर-खीरी) आगामी सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर ईसानगर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। कहीं भी कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए ईसानगर पुलिस बहुत बारीकी से पड़ताल में लगी हुई है।
सोमवार को थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ गंगा नदी के प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जालिमनगर घाट, राजापुर घाट, साहबदीनपुरवा घाट और नारीबेहड़ घाट पहुंचकर कांवड़ियों की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन घाटों को भी देखा,जहां पानी के कटाव के कारण सीधे जल भरना संभव नहीं है। ऐसे स्थानों पर प्रशासन की ओर से रैंप बनाकर कांवड़ियों के लिए सुरक्षित तरीके से गंगाजल भरने की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं,ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके बाद थानाध्यक्ष ने कांवड़ मार्ग का भी निरीक्षण किया। लाखीपुर, सिसैया चौराहा, रंजीतगंज चौराहा और अदलीशपुर चौराहा पर सड़क किनारे लगे दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। जिन कैमरों का एंगल सही नहीं था, उनके संचालकों को कैमरे सड़क की ओर करने तथा उन्हें हर समय चालू रखने के निर्देश दिए, ताकि मार्ग से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि सावन माह में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि ईसानगर पुलिस पूरी तरह से व्यवस्था में लगी हुई है।



