Breaking Newsभारत

छत्तीसगढ़ : हाई रिस्क प्रेग्नेंसी महिलाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करें : कलेक्टर

हाई रिस्क प्रेग्नेंसी महिलाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करें : कलेक्टर

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

सुरक्षित मातृत्व के लिए एएनसी जांच के दिए निर्देश

शैलेंद्र कुमार द्विवेदी
इंडिया नाऊ २४
छत्तीसगढ़

बलरामपुर, 05 जून 2026/ जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड बलरामपुर के ग्राम दलधोवा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपचार हेतु आने वाले मरीजों की संख्या, उपचार व्यवस्था एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं प्रबंधन तथा नियमित टीकाकरण की स्थिति के संबंध में भी पूछा। कलेक्टर ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी प्रकरणों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने केंद्र में संधारित विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव के समीप ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए नियमित निगरानी की जा रहा है।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने स्वास्थ्य अमले को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक जांच, परामर्श एवं उपचार की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से संचालित करें ताकि, उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता न पड़े और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ही ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयन तारा सिंह तोमर उपस्थित रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button