गाजीपुर : ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक
5 से 21 जून तक चलेंगे जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम, जनकल्याण मेले, स्वास्थ्य शिविर और विकसित भारत संकल्प सम्मेलन होंगे आयोजित

गाजीपुर, 05 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित होने वाले “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” विषयक समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अभियान अवधि के दौरान विकास खंड, ग्राम पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले शिविरों में पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक कल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा रोजगार से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।बैठक में वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर, लाभार्थी संपर्क अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्यक्रम जनसहभागिता एवं पारदर्शिता के साथ आयोजित किए जाएं, ताकि अधिकाधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।उन्होंने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा मलिन बस्तियों में संवाद कार्यक्रम एवं ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत जनसमस्या समाधान शिविर लगाए जाएंगे।कार्यक्रमों की श्रृंखला में 12 जून को विकास खंड सैदपुर के ग्राम पंचायत ईशोपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन होगा। 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 14, 15 एवं 16 जून को सभी विकास खंडों में त्रिदिवसीय जनकल्याण मेले लगाए जाएंगे, जिनमें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम स्वनिधि योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।इसके अतिरिक्त 16 एवं 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन तथा 18, 19 एवं 20 जून को जनपद मुख्यालय पर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं, एनसीसी, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।मुख्य बिंदु,05 से 21 जून तक चलेगा विशेष जनजागरूकता अभियान।14 से 16 जून तक सभी विकास खंडों में जनकल्याण मेले।16 एवं 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन।18 से 20 जून तक योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी।21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन।पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर रहेगा विशेष फोकस।



