लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस पर भारत विकास परिषद पूर्वी शाखा ने किया पौधारोपण, कपड़े के थैले बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर भारत विकास परिषद पूर्वी शाखा ने किया पौधारोपण, कपड़े के थैले बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

लखनऊ, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद पूर्वी शाखा द्वारा गोमती नगर के विनीत खंड-6 में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शाखा के पदाधिकारियों एवं स्थानीय निवासियों ने मिलकर 40 पौधों का पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की आवश्यकता है। साथ ही लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया गया।
पौधारोपण के उपरांत उपस्थित लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया तथा सभी को प्लास्टिक बैग का प्रयोग न करने और उसके स्थान पर कपड़े के थैलों का उपयोग करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 कपड़े के थैलों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद पूर्वी शाखा के अध्यक्ष टी. एन. मिश्रा, सचिव सुनील पांडेय सहित लगभग 10 सदस्य एवं बड़ी संख्या में कॉलोनी निवासी उपस्थित रहे।
शाखा पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।



