सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री की बैठक, 12 साल पूरे होने पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

सर्किट हाउस में प्रभारी मंत्री की बैठक, 12 साल पूरे होने पर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
5 से 21 जून तक जनपद में होंगे विविध आयोजन, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों संग समीक्षा
गोरखपुर। सर्किट हाउस सभागार में प्रभारी मंत्री एवं जल शक्ति-बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद के अधिकारियों तथा भाजपा महानगर व जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। बैठक में आगामी 5 जून से 21 जून 2026 तक चलने वाले आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और जनहितकारी योजनाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।
उन्होंने निर्देश दिया कि इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मंत्री को 5 जून से 21 जून तक प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस अवधि में जनसंपर्क अभियान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, योग कार्यक्रम, मीडिया संवाद और “विकसित भारत संकल्प” से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है।
बैठक में यह भी बताया गया कि 5 जून को विशेष रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बड़े स्तर पर योग शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न तिथियों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर आमजन से संवाद स्थापित किया जाएगा और विकास कार्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जनभागीदारी के साथ आयोजित हों। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचे।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करें, जिससे कार्यक्रमों का सफल संचालन हो सके और जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश कुमार गुप्ता, विभिन्न विधायकगण, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, डीएफओ विकास यादव, नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गोरखपुर जनपद में सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जाएंगे और जनता में सकारात्मक संदेश जाएगा।



