गाजीपुर : डीएम ने सीएचसी देवकली का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

डीएम ने सीएचसी देवकली का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत
ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसव कक्ष व दवा वितरण केंद्र का लिया जायजा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

गाजीपुर, संवाददाता। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को विकास खंड देवकली में आयोजित कार्यशाला के उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवकली का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। इसके साथ ही ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी तथा वार्डों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रहे तथा सभी उपकरण पूरी तरह कार्यशील अवस्था में रखे जाएं।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्यों में अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर निगरानी रखने को कहा।निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


