शातिर तरीके से निजी अस्पताल ले जाते एम्बुलेंस सीज

शातिर तरीके से निजी अस्पताल ले जाते एम्बुलेंस सीज
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने आया मरीज दलाल के चंगुल में फंस गया। जिसे व्हील चेयर पर बैठाकर पहले बीआरडी गेट के बाहर लाया गया जहां पहले से खड़ी झुंगिया स्थित एक निजी अस्पताल के एम्बुलेंस में मरीज को उठाकर शिफ्ट किया जा रहा था। गार्डों और चौकी पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एम्बुलेंस को पकड़ लिया। घटना सोमवार की शाम चार बजे की है। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने एम्बुलेंस को सीज कर दिया।
जानकारी के मुताबिक,कुशीनगर जिले के जटहा बाजार निवासी जितेंद्र रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के कारण सोमवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए आए थे। आरोप है कि इलाज के दौरान कुछ दलाल मरीज के परिजनों के संपर्क में आ गए और मेडिकल कॉलेज में इलाज में लापरवाही का हवाला देकर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए राजी कर लिया। बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर में बिना मरीज के निजी एम्बुलेंस के प्रवेश पर रोक होने के कारण दलालों ने शातिराना तरीका अपनाया। मरीज को व्हीलचेयर पर बैठाकर पहले अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर लाया गया। इसके बाद जैसे ही मरीज को निजी एम्बुलेंस में बैठाया जाने लगा, वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को संदेह हो गया। गार्डों ने तत्काल मेडिकल चौकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस को रोककर पूछताछ की, लेकिन मरीज को निजी अस्पताल ले जाने के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इसके बाद पुलिस ने एम्बुलेंस को सीज कर दिया। जांच में पता चला कि एम्बुलेंस झुंगिया चुंगी स्थित सेवा परमो धर्मः अस्पताल के नाम से पंजीकृत है।



