गाजीपुर : सम्पूर्ण समाधान दिवस: 380 शिकायतें आईं, 56 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस: 380 शिकायतें आईं, 56 का मौके पर निस्तारण
कासिमाबाद में डीएम की अध्यक्षता में आयोजन, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गाजीपुर, 18 अप्रैल। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कासिमाबाद तहसील में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
यहां कुल 98 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।जनपद की सातों तहसीलों में कुल 380 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें 56 का तत्काल समाधान किया गया। अन्य तहसीलों में सदर में 60 में से 8, जखनियां में 83 में से 7, सेवराई में 23 में से 3, जमानियां में 35 में से 4, सैदपुर में 23 में से 1 तथा मुहम्मदाबाद में 58 में से 16 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ।जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश के साथ भेजा गया।उन्होंने पुलिस व राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि जमीन व आपसी विवादों में समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। साथ ही लेखपालों को निर्देशित किया कि छोटी समस्याओं का तत्काल निस्तारण कर आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



