Breaking Newsभारत

गाजीपुर : फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य: बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगा सम्मान निधि व कृषि लाभ—डीएम अविनाश कुमार

फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य: बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगा सम्मान निधि व कृषि लाभ—डीएम अविनाश कुमार

गाजीपुर, 16 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे शीघ्र अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासनादेश के अनुसार अब बिना फार्मर रजिस्ट्री के किसानों को न तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल सकेगा और न ही वे उर्वरक एवं बीज की खरीद कर पाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त कृषि एवं संबद्ध विभागों जैसे उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, लघु सिंचाई, खाद्य एवं विपणन आदि से मिलने वाली विभिन्न योजनाओं के लाभ से भी किसान वंचित रह जाएंगे। साथ ही, सरकारी क्रय केंद्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसलों की खरीद भी बिना फार्मर रजिस्ट्री के संभव नहीं होगी।उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में अब तक 3 लाख 59 हजार से अधिक किसान, जो किसान सम्मान निधि प्राप्त कर रहे हैं, अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 60 हजार से अधिक ऐसे किसान, जो अभी तक सम्मान निधि का लाभ नहीं ले रहे थे, उन्होंने भी रजिस्ट्री करा ली है। इस प्रकार जनपद में कुल 4 लाख 20 हजार से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की जा चुकी है।जिलाधिकारी ने बताया कि 6 अप्रैल से चल रहे विशेष अभियान के तहत 900 ग्राम पंचायतों में विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंपों में लेखपाल, पंचायत सचिव/सहायक, कोटेदार, ग्राम प्रधान और जन सुविधा संचालक घर-घर जाकर किसानों से संपर्क कर रजिस्ट्री कराने में जुटे हैं।

इस अभियान को सफल बनाने के लिए लगभग 2300 ग्राम पंचायत स्तरीय कार्मिक, 200 विकास खंड स्तरीय अधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा 50 से अधिक जिला स्तरीय अधिकारी लगातार कैंपों का निरीक्षण कर रहे हैं। 6 अप्रैल से अब तक करीब 33 हजार किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराई जा चुकी है।जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने किसानों से आग्रह किया कि यदि अंश निर्धारण, आदेश कॉलम में नाम, या आधार और खतौनी के नाम में अंतर जैसी कोई समस्या है, तो उसका समाधान मौके पर ही किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे स्वयं आगे बढ़कर अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को भी इस महाअभियान से जोड़ें और अधिक से अधिक संख्या में फार्मर रजिस्ट्री कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button