Breaking Newsभारत

गाजीपुर : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिव्यांग बच्चों से किया संवाद, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिव्यांग बच्चों से किया संवाद, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

गाजीपुर, 27 फरवरी 2026। आनंदीबेन पटेल, माननीय राज्यपाल उत्तर प्रदेश का एक दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम गुरुवार को संपन्न हुआ। पुलिस लाइन सभागार एवं परिसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उन्होंने प्रतिभाग कर दिव्यांग बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें व्हीलचेयर एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए।राज्यपाल महोदया ने पूर्वाह्न 10 बजे निर्धारित समय पर पुलिस लाइन सभागार पहुंचकर कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने दिव्यांग बच्चों से उनके स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रुचियों के बारे में जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और क्षमता में बाधा नहीं बन सकती। दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच से जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर बच्चों द्वारा “तारे जमीन पर” गीत पर भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।उन्होंने विवेकाधीन कोष से सेवा कार्य हेतु समर्पित बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। तत्पश्चात सभागार में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सामग्री वितरित की गई।कार्यक्रम के दौरान 200 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्री-स्कूल किट, 10 लाभार्थियों को पोषण पोटली, 100 आयुष्मान कार्ड, स्वामित्व योजना के अंतर्गत 300 लाभार्थियों को घरौनी, मुख्यमंत्री आवास योजना के 200 लाभार्थियों को आवास की चाबी, 100 किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना का स्वीकृति प्रमाण पत्र, 150 पीएम सूर्य योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, 100 अंत्योदय नवीन राशन कार्ड, श्रम विभाग के 225 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के 250 लाभार्थियों को डमी चेक वितरित किए गए।बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के कार्यक्रम में आंगनबाड़ी बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी राज्यपाल महोदया ने सराहना की और बच्चों को फल व चॉकलेट वितरित किए। महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने महिला सुरक्षा एवं शिक्षा पर अपने विचार व्यक्त किए।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन को प्रेरणादायी बताया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्वागत भाषण में महिला सशक्तिकरण, बाल स्वास्थ्य, दिव्यांग कल्याण एवं टीबी मुक्त समाज के लिए राज्यपाल के मार्गदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button