अध्यक्ष पद पर चुनाव की अधिसूचना जारी, 19 जनवरी को भाजपा को मिलेगा नया पार्टी प्रमुख

अध्यक्ष पद पर चुनाव की अधिसूचना जारी, 19 जनवरी को भाजपा को मिलेगा नया पार्टी प्रमुख
भाजपा ने अपने नए अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा कर दी है। 19 जनवरी को नामांकन दाखिल और 20 जनवरी को चुनाव कराए जा सकते हैं।
भारतीय जनता पार्टी को 19 जनवरी को नया अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी ने आज शुक्रवार को अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार 16 जनवरी को निर्वाचक मंडल मतदाताओं की सूची प्रकाशित की जाएगी। 19 जनवरी को अध्यक्ष पद हेतु नामांकन दाखिल किए जाएंगे, और यदि आवश्यक हुआ तो मंगलवार 20 जनवरी को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराए जाएंगे। लेकिन ज्यादा संभावना इसी बात की है कि वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन इकलौते उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस तरह 19 जनवरी को ही वे पार्टी के अगले अध्यक्ष बन जाएंगे। हालांकि, इसकी औपचारिक घोषणा 20 जनवरी को की जा सकती है। नितिन नवीन के प्रस्तावक के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और वर्तमान पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रस्तावक हो सकते हैं।
नितिन नबीन को पार्टी का अध्यक्ष बनाकर भारतीय जनता पार्टी एक नए युग की राजनीति की शुरुआत करना चाहती है। पहले उसने 75 वर्ष से ऊपर आयु के नेताओं को मार्गदर्शक मंडल में डालकर भारतीय राजनीति में एक नई परंपरा की शुरुआत की थी जिसमें यह तय हो गया था कि नेता भी एक उम्र के बाद राजनीति से ‘रिटायर’ होंगे और वे देश की राजनीतिक कमान युवाओं के हाथों में सौंपेंगे। बेहद सामान्य कार्यकर्ता और विधायक को पार्टी का अध्यक्ष बनाकर भाजपा अपनी युवा कार्यकर्ताओं को यह संदेश देना चाहती है कि वह भी भी पार्टी के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकते हैं।



