यूपी: CM योगी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा, मछली खाने के आरोप से आहत अजय राय पहुंचे सिविल कोर्ट

यूपी: CM योगी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा, मछली खाने के आरोप से आहत अजय राय पहुंचे सिविल कोर्ट
लखनऊ, 1 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मंगलवार को वह लखनऊ की सिविल कोर्ट पहुंचे और दावा दाखिल किया।
*क्या है पूरा मामला?*
पूरा मामला अयोध्या में अजय राय के लिए कथित तौर पर आयोजित ‘मछली भोज’ के आरोपों से जुड़ा है। अजय राय का आरोप है कि अयोध्या दौरे के दौरान उनके मछली खाने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे और आपत्तिजनक हैं।
अजय राय ने कहा कि गलत तथ्य प्रस्तुत कर उनकी सार्वजनिक छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इससे आहत होकर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में किसी व्यक्ति के बारे में गलत और तथ्यहीन आरोप लगाना गंभीर विषय है। उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से जवाब देने की बात कही है।
इस मामले को लेकर बीते कुछ दिनों से यूपी की सियासत गरमाई हुई थी और खूब बयानबाजी हो रही थी। अब अजय राय के कोर्ट पहुंचने के बाद यह मामला सियासी से कानूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है। हालांकि मुकदमा दायर होने के बाद अभी तक बीजेपी सरकार और सीएम योगी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

