Breaking Newsभारत

सड़क के गड्ढों में कैद हुआ जनमानस: जिम्मेदारों के ‘अजब-गजब’ खेल के खिलाफ समाजसेवी नवीन चौहान का शंखनाद

सड़क के गड्ढों में कैद हुआ जनमानस: जिम्मेदारों के ‘अजब-गजब’ खेल के खिलाफ समाजसेवी नवीन चौहान का शंखनाद

भूख हड़ताल पर उतरे ‘शब्द भेदी सेना’ के अध्यक्ष

जखनिया: गाजीपुर के बहरियाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुर भाला खुर्द मार्ग इन दिनों ‘सड़क’ कम और ‘मौत का कुआं’ अधिक नजर आ रहा है। बदहाल सड़क पर बने गहरे जानलेवा गड्ढे और जलभराव ने राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है। अपनी उपेक्षा से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।
जिम्मेदारों की ‘दोषारोपण की राजनीति’ से जनता त्रस्त
समाजसेवी एवं ‘शब्द भेदी सेना’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन चौहान ने बताया कि उन्होंने बीते मई माह में ही IGRS के माध्यम से इस बदहाल सड़क की शिकायत दर्ज कराई थी। हैरानी की बात यह है कि जब विभाग सक्रिय हुए, तो लोक निर्माण विभाग (PWD) और जिला पंचायत के जेई ने समाधान निकालने के बजाय अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ दिया। जहां पीडब्ल्यूडी ने नाली को ऊंचा बताकर पल्ला झाड़ा, वहीं जिला पंचायत ने सड़क को नीचा बताकर अपनी जिम्मेदारी से किनारा कर लिया। जिम्मेदारों की इस ‘दोषारोपण की राजनीति’ ने आम जनता को खुद के ठगे जाने का एहसास कराया है।
48 घंटे की चेतावनी के बाद सड़क पर उतरे समाजसेवी
प्रशासनिक उदासीनता को देखते हुए, नवीन चौहान ने 48 घंटे पूर्व उपजिलाधिकारी अतुल कुमार को ज्ञापन सौंपकर सख्त चेतावनी दी थी। चेतावनी के अनुसार, आज सोमवार सुबह 11 बजे से धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल का आगाज हो गया। आक्रोशित ग्रामीण और समाजसेवी प्रशासन से ठोस समाधान की मांग पर अड़े हैं।
नारों से गूंजा इलाका, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
धरना स्थल पर नवीन चौहान, संजय कनौजिया और सैकड़ों ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग और जिला पंचायत के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर सड़क का निर्माण ही उन्हें धरना स्थल से उठा सकता है।
इनकी रही मुख्य उपस्थिति
इस आंदोलन में मुख्य रूप से डॉ. संजय कनौजिया, प्रेमचंद चौहान, संजय मिश्रा, राजू चौहान, प्रेम चौहान, रामजी मिश्र, बचाऊ सोनकर, रामजन्म चौहान, संतोष और पंकज चौहान सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button