लखीमपुर खीरी : रोशनी व आकर्षक सजावट की जगमग के बीच थाना परिसर में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव

रोशनी व आकर्षक सजावट की जगमग के बीच थाना परिसर में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव
(अनुपम मिश्रा)

लखीमपुर खीरी। ईसानगर थाना परिसर में स्थित श्री सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर में शुक्रवार को थानाअध्यक्ष बृजेश सिंह के नेतृत्व में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया।

इस अवसर पर पूरे थाना परिसर को फूलों और झालरों से सजाया गया, जिससे थाना परिसर जगमग हो उठा। जन्म महोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी सजाई गई और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई।

थाना अध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से कर्म योग का संदेश दिया है – “कर्म करो, फल की चिंता मत करो”। यही संदेश ईसानगर पुलिस की कार्यशैली का आधार है। हम सभी बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा रूपी कर्म में लगे हुए हैं। इस अवसर पर थाना के समस्त उप-निरीक्षक, कांस्टेबल, होमगार्ड के जवानों ने एक साथ मिलकर प्रसाद ग्रहण किया और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और भाईचारा बना रहे, इसके लिए भगवान से प्रार्थना की। थाना परिसर में आयोजित श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव कार्यक्रम में कस्बा वासी,क्षेत्रीय विधायक ,क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।



