गाजीपुर/जखनिया : जखनिया समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम व एसपी ने सुनीं 137 शिकायतें

जखनिया समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम व एसपी ने सुनीं 137 शिकायतें
जनपद की सातों तहसीलों में कुल 392 प्रार्थना पत्र प्राप्त, 32 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण

गाजीपुर/जखनिया। जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जखनिया तहसील में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। समाधान दिवस में जखनिया तहसील में 137 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।जनपद की सातों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 392 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए भेजा गया।तहसीलवार प्राप्त शिकायतों के अनुसार सदर तहसील में 38 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 4 का निस्तारण हुआ। मुहम्मदाबाद तहसील में 62 शिकायतों में से 8, जमानियां में 35 में से 3, कासिमाबाद में 49 में से 4, सैदपुर में 26 में से 2 तथा सेवराई तहसील में 45 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया।समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि भूमि विवाद और आपसी विवाद अक्सर एक-दूसरे से जुड़े होते हैं, इसलिए दोनों विभाग आपसी समन्वय बनाकर मामलों का शीघ्र समाधान करें। जिलाधिकारी ने सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उनका मौके पर ही निस्तारण किया जाए ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनिया,तहसीलदार जखनिया, क्षेत्राधिकारी जखनिया सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



