लखनऊ के फाइव स्टार होटल में गोरखपुर के युवा वैज्ञानिक की संदिग्ध मौत, परिवार में कोहराम

लखनऊ के फाइव स्टार होटल में गोरखपुर के युवा वैज्ञानिक की संदिग्ध मौत, परिवार में कोहराम
लखनऊ/ गोरखपुर ! राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड स्थित एक फाइव स्टार होटल में गोरखपुर मंडल के युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, राहुल सिंह सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे होटल में चेक-इन किए थे। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश करने पर राहुल बेड पर मृत अवस्था में मिले।
पुलिस के अनुसार कमरे से राहुल का सामान और खाने-पीने की कुछ वस्तुएं बरामद हुई हैं। शव के पास उल्टी के निशान भी मिले हैं। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग या हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
राहुल सिंह महराजगंज जिले के सिसवा बाजार क्षेत्र के बीजापार आसमान छपरा गांव के निवासी थे। कम उम्र से ही उन्होंने विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में वर्ष 2018 से 2020 तक लगातार तीन बार प्रथम स्थान हासिल किया था।
राहुल ने रोटी मेकर, बैटरी चालित इको-फ्रेंडली साइकिल और कोरोना काल में बैटरी से चलने वाला इको-फ्रेंडली ट्रैक्टर जैसे नवाचार विकसित कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी। वह मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के डिजाइन, इनोवेशन एंड इंक्लूजन सेंटर में शोध कार्य कर रहे थे।
राहुल के पिता किसान हैं। होनहार बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



