गोरखपुर में सांसद रवि किशन ने पीएम आवास योजना की लाभार्थी बहनों से बंधवाई राखी

गोरखपुर में सांसद रवि किशन ने पीएम आवास योजना की लाभार्थी बहनों से बंधवाई राखी
रक्षाबंधन पर मानबेला में भावुक हुआ माहौल, महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का लिया संकल्प
गोरखपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने मानबेला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की लाभार्थी बहनों से राखी बंधवाई। इस दौरान बहनों के स्नेह, अपनत्व और आशीर्वाद से माहौल भावुक हो गया।
सांसद रवि किशन ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक है। बहनों द्वारा बांधी गई राखी ने समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को और अधिक मजबूती से याद दिलाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देशभर में लाखों परिवारों, विशेषकर माताओं और बहनों को अपने पक्के घर का सपना साकार करने का अवसर मिला है। अपने घर की खुशियों और सुरक्षित भविष्य के साथ इन बहनों के चेहरों पर दिखाई देने वाली मुस्कान विकास और सशक्तिकरण की सबसे सुंदर तस्वीर है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल गरीब परिवारों को आवास देने की योजना नहीं है, बल्कि यह आत्मसम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।



