
बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर ।
आज दिनांक।04/02/026को
साबिर अली आईटीआई में मारुति सुजुकी का कैंपस प्लेसमेंट, 50 अभ्यर्थियों ने लिया भाग

जखनियां/गाज़ीपुर।जखनियां तहसील अंतर्गत स्थित साबिर अली आईटीआई के प्रांगण में आज रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, जब गुजरात से आई मारुति सुजुकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कॉलेज परिसर में कैंपस प्लेसमेंट परीक्षा का आयोजन किया गया।इस कैंपस प्लेसमेंट में मुख्य रूप से फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, इलेक्ट्रॉनिक्स, टर्नर सहित विभिन्न तकनीकी ट्रेडों के प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके छात्रों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन मारुति सुजुकी गुजरात से आए एचआर अधिकारी मोहम्मद सलीम शेख की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 50 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।इस अवसर पर एचआर मोहम्मद सलीम शेख ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का चयन आगे पुणे में होने वाले इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साबिर अली आईटीआई जैसे संस्थानों से योग्य और प्रशिक्षित अभ्यर्थी मिलते हैं, यही कारण है कि लगातार विभिन्न कंपनियां यहां कैंपस चयन के लिए आती हैं।वहीं संस्था के निदेशक आमिर अली ने कहा— “हमारा निरंतर प्रयास रहा है कि क्षेत्र के प्रतिभावान और होनहार छात्र-छात्राओं को रोजगार से जोड़ा जाए। इसी उद्देश्य से समय-समय पर कैंपस प्लेसमेंट और इंटरव्यू का आयोजन कर उन्हें देश की नामचीन कंपनियों में अवसर उपलब्ध कराया जाता है। आने वाले समय में भी कई प्रतिष्ठित कंपनियां हमारे संस्थान में कैंपस सिलेक्शन के लिए आएंगी। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना ही हमारे संस्थान का मूल लक्ष्य है।”उन्होंने आगे बताया कि इससे पूर्व भी कई कंपनियों द्वारा कैंपस चयन कर छात्रों को रोजगार का अवसर दिया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के युवाओं का भविष्य उज्जवल हो रहा है।इस अवसर पर प्रमुख रूप से अमरनाथ यादव, गोविंद कुमार, राधेश्याम यादव, अनुज सिंह, प्रताप यादव सहित कॉलेज के सभी अध्यापकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



