मिर्जापुर: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने माँ विंध्यवासिनी धाम में की पूजा-अर्चना, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

मिर्जापुर: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने माँ विंध्यवासिनी धाम में की पूजा-अर्चना, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे विश्वविख्यात शक्तिपीठ माँ विंध्यवासिनी धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कर देश और प्रदेश की सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। दर्शन-पूजन के दौरान उनके पति ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विंध्याचल धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू रही। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, मिर्जापुर सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित भारतीय जनता पार्टी के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा की महिला कार्यकर्ता एवं स्थानीय समर्थक भी विंध्यधाम पहुंचे थे। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था और अत्यधिक भीड़ के चलते अधिकांश महिला कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने का अवसर नहीं मिल सका। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे विंध्यवासिनी धाम का वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर जय माता दी के उद्घोषों से गूंज उठा तथा श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।



