जखनिया (गाजीपुर) : गौरा खास में बाबा साहब की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई, भव्य शोभायात्रा ने बांधा समां

गौरा खास में बाबा साहब की 135वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई, भव्य शोभायात्रा ने बांधा समां

जखनिया (गाजीपुर): तहसील जखनिया अंतर्गत ग्राम सभा गौरा खास में आज भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही भव्य और श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन अम्बेडकर पार्क में किया गया, जहां सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओम जी महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार सिंह ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर तथा फीता काटकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “बाबा साहब ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों की नई दिशा दी। उनका जीवन हमें शिक्षा, संगठन और संघर्ष का संदेश देता है। आज जरूरत है कि हम उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में समरसता और भाईचारे को मजबूत करें।”कार्यक्रम के संयोजक एवं अंबेडकर समिति से जुड़े समाजसेवी मनोज कुमार गौतम ने बताया कि बाबा साहब की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष विशेष रूप से व्यापक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने बाबा साहब के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो — यही संदेश हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”समिति के सदस्यों द्वारा बैंड-बाजे और सजे-धजे रथ के साथ एक विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा अम्बेडकर पार्क गौरा खास से प्रारंभ होकर जखनिया बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करेगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। पूरे क्षेत्र में “जय भीम” के नारों से माहौल गूंज उठा।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रमोद कुमार, अरविंद कुमार, उपेंद्र कुमार, सूर्यकुमार, दिनेश कुमार, संजय कुमार, नीरज कुमार, धर्मेंद्र कुमार एवं ग्राम प्रधान ऋषिकेश गोंड समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं जखनियां ब्लाक के अध्यक्ष वजीर भारती सहित सैकड़ों की संख्या में सम्मानित ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।समारोह ने न केवल बाबा साहब के आदर्शों को याद किया, बल्कि सामाजिक एकता और जागरूकता का भी मजबूत संदेश दिया। इसी क्रम में आज जखनिया क्षेत्र के ग्राम सभा अलीपुर मदंरा जखनिया गोविंद पदमपुर मैगरराय पदमपुर राम राय भुड़कुडा़ बुढ़ानपुर मुडियारी सहित गांवों में बाबा साहब के जन्म जयंती का आयोजन वृहद पैमाने पर किया गया जिसमें भारी संख्या में गांव के लोगों व समिति के सदस्यों के सहभागिता रही।



