गोरखपुर में नाबालिग प्रिंस की हत्या कर शव गायब करने का आरोप, पिता ने प्रेस क्लब में लगाई न्याय की गुहार

गोरखपुर में नाबालिग प्रिंस की हत्या कर शव गायब करने का आरोप, पिता ने प्रेस क्लब में लगाई न्याय की गुहार
*गोरखपुर।* रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के सेमरा देवी प्रसाद छोटका पथरा निवासी सत्यपाल निषाद ने अपने नाबालिग पुत्र की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित पिता ने शनिवार को प्रेस क्लब गोरखपुर में प्रेस वार्ता कर पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया।
*क्या है मामला*
प्रार्थी सत्यपाल निषाद पुत्र छोटेलाल के अनुसार 18 अगस्त 2026 को उनके नाबालिग बेटे प्रिंस को उसके दोस्त साहिल और संतोष घर से बुलाकर ले गए। आरोप है कि दोनों ने अपने मित्र सुजीत व विश्वनाथ उर्फ टक्की की मदद से साजिश के तहत प्रिंस की हत्या कर दी और शव को गायब कर दिया, फिर यह अफवाह फैला दी कि डूबने से उसकी मौत हो गई है।
*मुकदमा दर्ज, पर बेटा अब तक लापता – पिता का आरोप*
पिता के मुताबिक घटना के संबंध में उनकी माता सुभावती देवी द्वारा रामगढ़ताल थाने में मु0अ0सं0-412/2026 अंतर्गत धारा-140/(1) में मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने नामजद अभियुक्तों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही अभी तक उनका पुत्र बरामद हुआ है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने नामजद अभियुक्तों को छोड़ दिया है।
सत्यपाल निषाद ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में कई बार पुलिस उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है, लेकिन आज तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित पिता ने मांग की है कि इस मामले की जांच किसी अन्य थाने या अपराध शाखा से कराई जाए ताकि उनके पुत्र का पता चल सके और दोषियों पर कार्रवाई हो।



