गाजीपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भुड़कुड़ा मठ पर ब्रह्मलीन महंत रामाश्रय दास की प्रतिमा का किया अनावरण।

बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाजीपुर।
आज दिनांक।11/10/025को
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भुड़कुड़ा मठ पर ब्रह्मलीन महंत रामाश्रय दास की प्रतिमा का किया अनावरण।
मठ परिसर में किया रुद्राक्ष का पौधरोपण, समाधियों का किया दर्शन-पूजन — बोले, “भुड़कुड़ा मठ ने सदैव समाज को दिशा देने का कार्य किया है”

जखनिया/गाज़ीपुर। आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण में शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन भुड़कुड़ा मठ में हुआ। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम मठ परिसर में ब्रह्मलीन महंत रामाश्रय दास जी की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। तत्पश्चात परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक चेतना का संदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मठ में स्थित विभिन्न समाधियों का दर्शन-पूजन करते हुए अपने श्रद्धाभाव को व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भुड़कुड़ा मठ की परंपरा केवल अध्यात्म तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने समाज और शिक्षा दोनों को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, “मैं 10 अक्टूबर 2006 को भी भुड़कुड़ा मठ आया था, उस समय पूज्य महंत रामाश्रय दास जी से आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला था, और आज उन्हीं की प्रतिमा का अनावरण करना मेरे लिए सौभाग्य और भावनात्मक क्षण है।”
मुख्यमंत्री ने वर्तमान महंत शत्रुघ्न दास जी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मठ की गौरवशाली परंपरा को जीवित रखते हुए भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज के संचालन को शिक्षा के क्षेत्र में आदर्श रूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि आज यह महाविद्यालय न केवल जनपद में बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक युवा समाज निर्माण में अग्रसर नहीं होंगे, तब तक विकसित राष्ट्र का सपना अधूरा रहेगा। उन्होंने कहा कि संतों और महंतों की शिक्षाएं हमें सदैव प्रेरणा देती हैं कि सेवा, संस्कार और समर्पण से ही समाज प्रगतिशील बन सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद गाजीपुर की गौरवशाली परंपराओं और संत परंपरा की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह भूमि सदैव संतों, विद्वानों और वीरों की रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से महाविद्यालय के प्राचार्य बृजेश जायसवाल डॉ संतोष मिश्रा डॉ धर्मेंद्र श्रीवास्तव डा शिवानंद पांडेय प्रोफ़ेसर प्रकाश चंद्र पटेल प्रोफेसर रमेश कुमार प्रोफेसर संजय कुमार डॉ धनंजय उपाध्याय डॉक्टर सर्वेश्वर प्रताप सिंह अमित सिंह प्रोफेसर सत्य प्रकाश भाजपा नेता अभिनव सिन्हा, सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व विधायक बेदीराम, अरुण सिंह, राधे मोहन सिंह, उमाशंकर पांडेय, विपिन सिंह, विशाल सिंह चंचल, रविंद्र जायसवाल, पीयूष राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संतोष मिश्रा व दीपक श्रीवास्तव ने किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मठ परिसर “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के उद्घोष से गूंजायमान रहा।



