गाजीपुर : सम्पूर्ण समाधान दिवस में 576 शिकायतें प्राप्त, 58 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 576 शिकायतें प्राप्त, 58 का मौके पर निस्तारण
गाजीपुर। जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संबंधित उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले की सातों तहसीलों में कुल 576 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 58 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील जमानियां में 126 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 6 का निस्तारण मौके पर किया गया। तहसील सदर में 49 शिकायतों में से 12, कासिमाबाद में 39 में से 6, सेवराई में 69 में से 6, जखनियां में 118 में से 8, सैदपुर में 70 में से 4 तथा मुहम्मदाबाद में 105 शिकायतों में से 16 का निस्तारण तत्काल किया गया।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का समाधान मौके पर ही कराया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद एवं आपसी विवाद जैसे मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को शीघ्र न्याय मिल सके।कार्यक्रम में तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



