गाजीपुर : सपा नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जखनिया विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव का हमला, बोले— ‘हाउस अरेस्ट से समाजवादी विचारधारा कैद नहीं होती’

सपा नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जखनिया विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव का हमला, बोले— ‘हाउस अरेस्ट से समाजवादी विचारधारा कैद नहीं होती’

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जखनिया विधानसभा (373) अध्यक्ष अवधेश यादव ‘राजू’ ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया जा रहा है और सरकार विरोध की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।अवधेश यादव ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में उन्होंने भाग लिया। यह प्रदर्शन जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ धरने पर बैठे छात्रों के समर्थन तथा सांसद डिंपल यादव के साथ कथित लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित किया गया था। धरने के दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई।उन्होंने दावा किया कि धरना समाप्त होने के बाद जब वह अपने घर लौटे, तो रात करीब 12:30 बजे उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया।अवधेश यादव ने कहा कि सरकार यह समझ ले कि “हाउस अरेस्ट से समाजवादी विचारधारा को कैद नहीं किया जा सकता, पुलिस के पहरे से संघर्ष की आवाज़ बंद नहीं होती और डराने-धमकाने से समाजवादी कार्यकर्ता झुकने वाला नहीं है।”उन्होंने आगे कहा कि जब-जब सरकार लोकतांत्रिक विरोध से डरती है, तब-तब समाजवादियों को गिरफ्तार करने या नजरबंद करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के अधिकारों, छात्रों के हितों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।


