Breaking Newsभारत

गाजीपुर : राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए निकली जागरूकता रैली, 12 सितंबर को होगा वादों का व्यापक निस्तारण

राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए निकली जागरूकता रैली, 12 सितंबर को होगा वादों का व्यापक निस्तारण

गाजीपुर। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं आमजन को विधिक सेवाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय गाजीपुर, वाह्य न्यायालय सैदपुर एवं मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां व जमानियां के साथ-साथ अन्य संबंधित सरकारी प्रतिष्ठानों में किया जाएगा।रैली के माध्यम से लोगों को लोक अदालत की उपयोगिता, विधिक सेवा एवं सहायता कार्यक्रमों तथा सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सरल निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों एवं पराविधिक स्वयंसेवकों ने आमजन से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा 138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना अधिनियम संबंधी वाद, चकबंदी वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद, बाट-माप प्रचलन अधिनियम, कराधान प्रकरण तथा बिजली चोरी से संबंधित वादों सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण किया जाएगा।इसके अतिरिक्त सुलह-समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से वैवाहिक विवादों को भी परिपक्व कर आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराने का प्रयास किया जा रहा है। लोक अदालत में विवादों का आपसी सहमति से समाधान होने से पक्षकारों को समय और धन की बचत के साथ शीघ्र न्याय मिलने का लाभ मिलता है।इस अवसर पर पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण संजय हरी शुक्ला, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय शैलोज चन्द्र, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी लोक अदालत शक्ति सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय कुमार-IV, सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड, सिविल बार एसोसिएशन गाजीपुर के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, बैंक पदाधिकारी, कर्मचारी एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button