Breaking Newsभारत

गाजीपुर : बकरीद को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने मुहम्मदाबाद में किया फ्लैग मार्च

बकरीद को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन सख्त, डीएम-एसपी ने मुहम्मदाबाद में किया फ्लैग मार्च

गाजीपुर, 26 मई 2026। आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने भारी पुलिस बल के साथ मुहम्मदाबाद क्षेत्र में व्यापक रूट मार्च एवं पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर एवं उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी भी मौजूद रहीं।रूट मार्च मुहम्मदाबाद थाने से प्रारंभ होकर कासिमाबाद रोड, युसुफपुर, दर्जी मुहल्ला, प्रिंस रोड, रेलवे फाटक, तहसील तिराहा सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मार्ग में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं संभ्रांत लोगों से संवाद स्थापित कर आगामी त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है तथा प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्राप्त अपुष्ट सूचनाओं को साझा करने से बचें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है, जिससे भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों एवं नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को देने की अपील की। रूट मार्च में क्षेत्रीय अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।प्रशासन की इस सक्रिय पहल से आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल देखने को मिला। जनपद प्रशासन ने एक बार फिर सभी नागरिकों से आगामी त्योहार को पारंपरिक उत्साह, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने तथा जनपद में अमन-चैन एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button