गाजीपुर : जर्जर शिरोपरि जलाशयों पर चला ध्वस्तीकरण अभियान, गाजीपुर में 27 जलाशय ध्वस्त

जर्जर शिरोपरि जलाशयों पर चला ध्वस्तीकरण अभियान, गाजीपुर में 27 जलाशय ध्वस्त
गाजीपुर, 16 अगस्त 2026। जनसुरक्षा एवं पेयजल व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जनपद गाजीपुर में जर्जर एवं निष्प्रयोज्य शिरोपरि जलाशयों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेजी से की जा रही है। जल निगम ग्रामीण द्वारा पुराने और जर्जर जलाशयों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित तरीके से हटाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना के खतरे को समाप्त किया जा सके।
अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण ने बताया कि जनपद में कुल 38 शिरोपरि जलाशयों का ध्वस्तीकरण कर उनके स्थान पर नए शिरोपरि जलाशयों के निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। इनमें से अब तक 27 शिरोपरि जलाशयों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी कर ली गई है, जबकि शेष 11 जलाशयों का ध्वस्तीकरण कार्य अभी अवशेष है।
इसी क्रम में 13 अगस्त 2026 को आलमपट्टी स्थित कैथवालिया-बिन्दवालिया पेयजल योजना के शिरोपरि जलाशय को विभाग द्वारा ध्वस्त किया गया। बताया गया कि उक्त जलाशय का निर्माण वर्ष 1979 में हुआ था और लंबे समय से पुराना एवं जर्जर अवस्था में होने के कारण इसके ध्वस्तीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए की गई। इसका प्रमुख उद्देश्य पुराने एवं जर्जर जलाशयों से उत्पन्न होने वाले संभावित दुर्घटना के खतरे को समाप्त करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
जल निगम ग्रामीण द्वारा शेष चिन्हित जर्जर शिरोपरि जलाशयों के ध्वस्तीकरण के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। विभाग का कहना है कि इस अभियान से जहां जर्जर ढांचों से होने वाले हादसों की आशंका कम होगी, वहीं भविष्य में नए जलाशयों के निर्माण के माध्यम से जनपद में सुरक्षित, सुचारु एवं बेहतर पेयजल व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।



