गाजीपुर : चार जून को लगेगा रोजगार मेला, सुजुकी मोटर्स के लिए 500 पदों पर होगी भर्ती

चार जून को लगेगा रोजगार मेला, सुजुकी मोटर्स के लिए 500 पदों पर होगी भर्ती
राजकीय आईटीआई गाजीपुर में आयोजित होगा प्लेसमेंट इवेंट, 18 से 26 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग
गाजीपुर, संवाददाता। जनपद के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानंद सिंह ने बताया कि निदेशक सेवायोजन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 4 जून 2026 को राजकीय आईटीआई, गाजीपुर में प्रातः 10 बजे से प्लेसमेंट इवेंट (रोजगार मेला) आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित इस रोजगार मेले में विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा गुजरात स्थित सुजुकी मोटर्स अहमदाबाद के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। कंपनी द्वारा एफटीसी (फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट) के तहत 500 पदों पर भर्ती की जाएगी।भर्ती के लिए अभ्यर्थी का हाईस्कूल में न्यूनतम 40 प्रतिशत तथा आईटीआई में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। साथ ही अभ्यर्थी शारीरिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, वेल्डर, पेंटर, वायरमैन, शीट मेटल, सीओई (ऑटोमोबाइल), इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, टूल एंड डाई, पीपीओ एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर ट्रेड के अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे।चयनित अभ्यर्थियों को 25,300 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) वेतन तथा अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। अनुबंध की अवधि 36 माह निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु ज्वाइनिंग के समय 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए।जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराकर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, आधार कार्ड, पैन कार्ड की स्वप्रमाणित छायाप्रति तथा एक पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाना होगा।उन्होंने बताया कि भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय अथवा हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क किया जा सकता है। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा।


