एम्स गोरखपुर में प्लास्टिक सर्जरी सेवाओं का विस्तार: विशेषज्ञ सर्जन डॉ. आस्था यादव ने संभाला कार्यभार

एम्स गोरखपुर में प्लास्टिक सर्जरी सेवाओं का विस्तार: विशेषज्ञ सर्जन डॉ. आस्था यादव ने संभाला कार्यभार
गोरखपुर:
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), गोरखपुर के ‘बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी’ विभाग को आज एक नई ऊँचाई मिली है। विख्यात विशेषज्ञ डॉ. आस्था यादव ने विभाग में सहायक आचार्य (Assistant Professor) के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है।
विशेषज्ञता और अनुभव:
डॉ. आस्था यादव ने प्रतिष्ठित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) से बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी में MCh की डिग्री हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने क्लेफ्ट लिप रिपेयर (कटे होंठ) एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी में विशेष फेलोशिप प्राप्त की है। जन्मजात विकृतियों को सुधारने और जटिल पुनर्निर्माण सर्जरी में उन्हें महारत हासिल है।
मरीजों को मिलेगा नया जीवन:
डॉ. आस्था के आगमन से पूर्वांचल के मरीजों को अब जटिल प्लास्टिक सर्जरी, बर्न मैनेजमेंट और क्लेफ्ट पैलेट के इलाज के लिए बड़े महानगरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। संस्थान की कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ, मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता ने डॉ. आस्था का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी विशेषज्ञता से न केवल चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि शैक्षणिक क्षेत्र में भी नए आयाम स्थापित होंगे।



