_फर्जी पत्रकारों पर सख्ती की मांग, सौंपा गया ज्ञापन_

_फर्जी पत्रकारों पर सख्ती की मांग, सौंपा गया ज्ञापन_
सुलतानपुर। जनहित पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन (उ०प्र०) द्वारा जनपद सुलतानपुर में सक्रिय तथाकथित/स्वघोषित पत्रकारों की जांच कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी सुलतानपुर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि विगत कुछ ख समय से जनपद में बिना किसी मान्यता प्राप्त समाचार पत्र, चैनल अथवा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार से अनुमोदन के स्वयं को पत्रकार बताने वालों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। ये लोग फर्जी प्रेस आईडी के सहारे आमजन और प्रशासनिक अधिकारियों को भ्रमित कर रहे हैं।
एसोसिएशन का आरोप है कि ऐसे तथाकथित पत्रकार अवैध वसूली, धमकी, दबाव बनाने, थानों के चक्कर लगाकर भय उत्पन्न करने तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाए जा रहे हैं, जिससे न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा भी धूमिल हो रही है।
ज्ञापन में मांग की गई कि जिला सूचना अधिकारी सुलतानपुर से जनपद में पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त पत्रकारों तथा समाचार संस्थानों की अद्यतन सूची मंगाई जाए। साथ ही पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर को निर्देशित किया जाए कि बिना मान्यता प्राप्त संस्थाओं द्वारा जारी फर्जी प्रेस आईडी को अवैध मानते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय तथाकथित पत्रकारों की गहन जांच कर सत्यापन कराने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में जनपद में केवल मान्यता प्राप्त एवं सत्यापित पत्रकारों को ही पत्रकार के रूप में मान्यता दी जाए, जिससे पत्रकारिता की गरिमा बनी रहे। अंत में चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते इस गंभीर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो इसका दुष्प्रभाव प्रशासन, पुलिस और आम जनता पर पड़ेगा। इसलिए जनहित एवं कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शीघ्र और सख्त कदम उठाए जाना अत्यंत आवश्यक है।
उक्त अवसर पर अमर सृष्टि संपादक अनिल कुमार सिंह, दिनेश यादव जीवन एक्सप्रेस ब्यूरो चीफ, संतोष पांडे ब्यूरो चीफ न्यू गीतांजलि टाइम्स, श्याम जी श्रीवास्तव पत्रकार, रामलोचन पत्रकार, भास्कर यादव गुड न्यूज़ इंडिया क्राइम रिपोर्टर, राजेश बाबा जिला अध्यक्ष जनहित वेलफेयर एसोसिएशन, समाजसेवी सौरभ मिश्रा व अल्ताफ अहमद ब्यूरो चीफ अमरसृष्टि, सनी मिश्रा समाजसेवी व राम शिरोमणि पत्रकार अर्जुन इंसान समाजसेवी, रामराज पांडे पत्रकार, रुखसार अहमद पत्रकार, उपेंद्र सिंह पत्रकार व अर्पित द्विवेदी पत्रकार, ओम प्रकाश दुबे पत्रकार, विजयकांत द्विवेदी पत्रकार, मोहम्मद वकील पत्रकार, अनुज यादव पत्रकार, सूरज यादव पत्रकार उपस्थित रहे।



