लखनऊ नगर निगम लगाएगा 1.37 लाख पौधे, स्थल चिह्नित

लखनऊ नगर निगम लगाएगा 1.37 लाख पौधे, स्थल चिह्नित
लखनऊ। नगर निगम सरकार के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत नौ जुलाई को एक 1.37 लाख पौधे लगाएगा। इसके लिए स्थान भी तय कर लिए गए हैं। इसकी जानकारी रविवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से साझा की। पौधरोपण के लिए मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये प्रदेशभर की नगर निकायों के लोगों को संबोधित कर रहे थे।महापौर ने बताया कि नगर निगम के पार्कों में 40,598 पौधे, रसूलपुर कायस्थ (पार्ट-सी) में 37,600 पौधे, रसूलपुर कायस्थ (पार्ट-डी) 44,800 पौधे व बरावन कलां गांव में 14,314 पौधे लगाए जाएंगे। जो पौध लगाए जाएंगे, उनमें आम, सिंदूर बेल, आंवला, पीपल, नीम, बॉटल ब्रश, जामुन, कचनार, इमली, पाकड़, बरगद, रुद्राक्ष, पारिजात और अर्जुन के पौधे शामिल रहेंगे। महापौर ने शहरवासियाें से भी अपील की है कि वह भी पौधरोपण में भागीदारी करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ सभागार में अपर नगर आयुक्त डाॅ. अरविंद राव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, उद्यान अधीक्षक गंगाराम गौतम, पार्षद मुन्ना मिश्रा, सौरभ सिंह मोनू भी मौजूद रहे।