
स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिया गया प्रशिक्षण
23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा मतदान, निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश
गाजीपुर।उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से उपस्थित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान संपन्न कराया जाएगा।उन्होंने निर्देश दिया कि 22 अक्टूबर को सभी मतदान दलों के पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर में उपस्थित होकर मतपत्र, मतपेटिका, मतदाता सूची तथा अन्य आवश्यक निर्वाचन सामग्री प्राप्त करेंगे। इसके बाद सभी कर्मचारी अपने-अपने आवंटित मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगे। जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि वे मतदान दलों की रवानगी और मतदान केंद्रों पर उनकी समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि निर्धारित सुरक्षा योजना के अनुसार सुरक्षा बल मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान प्रारंभ होने से पहले मतदान अभिकर्ताओं की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराई जाए। प्रशिक्षण में मतदान के दौरान मान्य 10 प्रकार के पहचान पत्रों की जानकारी देने के साथ मतपेटिका खोलने और बंद करने की विधि भी समझाई गई। उन्होंने प्रारूप-16 भाग-1 को सही ढंग से भरने तथा आवश्यक मिलान के बाद ही आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव सहित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



