लखनऊ पुलिस लाइंस में कृष्णमय हुआ माहौल, सीएम योगी ने दीप प्रज्वलित कर किया जन्मोत्सव का शुभारंभ

लखनऊ पुलिस लाइंस में कृष्णमय हुआ माहौल, सीएम योगी ने दीप प्रज्वलित कर किया जन्मोत्सव का शुभारंभ

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का महापर्व बड़े ही धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। रिजर्व पुलिस लाइंस में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान मंच पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, विधायक जय देवी, विधायक नीरज बोरा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
झांकी दर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम –
तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस लाइंस परिसर में स्थित मंदिर में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी का दर्शन-पूजन किया। परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव झांकी दर्शन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया।
ट्रैफिक डायवर्जन लागू –
वीवीआईपी मूवमेंट और आम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।



