Breaking Newsभारतराजनीति

गोरखपुर सपा नेता जफर अमीन डक्कू की रात में गिरफ्तारी पर बवाल, 50 से अधिक सपा नेता पहुंचे राजघाट थाने, पुलिस पर उठाए सवाल

गोरखपुर सपा नेता जफर अमीन डक्कू की रात में गिरफ्तारी पर बवाल, 50 से अधिक सपा नेता पहुंचे राजघाट थाने, पुलिस पर उठाए सवाल

गोरखपुर समाजवादी पार्टी के नेता जफर अमीन डक्कू की गिरफ्तारी के बाद सियासत गरमा गई है। गिरफ्तारी के विरोध में सुबह से ही राजघाट थाने पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। करीब 50 से अधिक सपा नेता और कार्यकर्ता थाने पहुंचे और जफर अमीन डक्कू से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान पार्टी नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।

मलबा हटवाने को लेकर हुआ था विवाद

सपा जिला अध्यक्ष ब्रजेश गौतम ने बताया कि जफर अमीन डक्कू, सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी के साथ एक जगह मलबा हटवाने के लिए गए थे। वहां जफर अमीन डक्कू के प्रतिद्वंद्वी की ओर से इसका विरोध किया गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

उन्होंने बताया कि इसी विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी मामले को लेकर जफर अमीन डक्कू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सपा जिला अध्यक्ष बोले – रात में दबिश की क्या जरूरत थी

सपा जिला अध्यक्ष ब्रजेश गौतम ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करना अलग बात है, लेकिन पुलिस को रात में ही दबिश देकर गिरफ्तारी करने की इतनी जल्दी क्यों थी।

उन्होंने कहा कि जफर अमीन डक्कू कोई आतंकवादी नहीं हैं। पुलिस ने रात करीब 2 से ढाई बजे तक उनके घर में कूलर, फ्रिज और अलमारी तक की तलाशी ली। पुलिस को इसी तरह अपराधियों की भी तलाश करनी चाहिए।

बोले- दोषी के खिलाफ कार्रवाई से कोई आपत्ति नहीं

सपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि अगर किसी ने कानून का उल्लंघन किया है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें कानून के मुताबिक कार्रवाई किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है। वह भी न्यायसंगत कार्रवाई के पक्ष में हैं। जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर पुलिस धारा 151 के तहत कार्रवाई करती है तो यह कार्रवाई दोनों पक्षों के खिलाफ होनी चाहिए।

डक्कू से मुलाकात कर दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा

ब्रजेश गौतम ने बताया कि उन्होंने राजघाट थाने में जफर अमीन डक्कू से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने डक्कू से कहा कि उनके पास इस मामले से जुड़े जो भी कानूनी दस्तावेज हैं, उन्हें उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी दी जाएगी। पार्टी स्तर पर भी मामले को समझने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

50 से अधिक सपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

जफर अमीन डक्कू से मिलने राजघाट थाने पहुंचे नेताओं में जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद, अरविंद दत्त शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, कपिल मुनि यादव, मनोरंजन यादव, सुनील सिंह, गबिश दुबे, चर्चिल अधिकारी, डॉ. मोहसिन खान, मिर्जा कदीर बेग, अली हुसैन उर्फ मैना भाई, नवीन यादव और महेंद्र यादव समेत 50 से अधिक समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button