अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट को मिले 3 नए ट्रस्टी, आज पहले CEO के नाम का भी होगा ऐलान

अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट को मिले 3 नए ट्रस्टी, आज पहले CEO के नाम का भी होगा ऐलान
अयोध्या, 2 सितंबर 2026। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा विस्तार हुआ है। अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट को 3 नए ट्रस्टी मिल गए हैं। ट्रस्ट की आज अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणिरामदास छावनी पर हुई महत्वपूर्ण बैठक में इन नामों पर मुहर लगी है।
कौन बने 3 नए ट्रस्टी?
ट्रस्ट में जिन तीन लोगों को नई जिम्मेदारी दी गई है, उनके नाम हैं –
1. महेश भागचंदका (दिल्ली) – ये विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
2. मदन मोहन पांडेय (अयोध्या) – स्थानीय संत और सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं।
3. निर्मला यादव (शिकोहाबाद) -महिला ट्रस्टी के तौर पर इन्हें जगह दी गई है।
आज ही मिलेगा राम मंदिर को पहला CEO
इस बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा राम मंदिर ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति है। थोड़ी देर में इसका औपचारिक ऐलान किया जाएगा।
CEO के चयन के लिए बनाई गई 3 सदस्यीय सेलेक्शन कमेटी – जिसमें रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, सुरेश हावरे और विष्णुकांत चतुर्वेदी शामिल थे – ने अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी है। कमेटी ने फाइनल 3 नामों की लिस्ट ट्रस्ट को दी है।
CEO की रेस में 4 नाम सबसे आगे
सूत्रों के मुताबिक CEO पद की रेस में सबसे आगे पूर्व IPS अफसर राजेश पांडे का नाम है। इसके अलावा पूर्व IPS परेश सक्सेना और दो IAS अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा और दिनेश चंद्र सिंह का नाम भी चर्चा में है।
5500 आवेदनों में से 3 नाम फाइनल, ऐसे हुई चयन प्रक्रिया
गौरतलब है कि CEO पद के लिए 5500 से ज्यादा आवेदन आए थे। चयन कमेटी ने सभी को 600 नंबर का गूगल फॉर्म भेजा, जिसे 3500 लोगों ने भरकर भेजा। इसमें से 108 लोगों को 470 से ज्यादा अंक मिले।
इन 108 लोगों का वर्चुअल इंटरव्यू हुआ, जिसमें से 17 लोगों को फाइनल इंटरव्यू के लिए अयोध्या बुलाया गया। अयोध्या में उनकी लीडरशिप क्षमता, आस्था, मंदिर व्यवस्था की समझ और चुनौतियों से निपटने की क्षमता पर परखा गया, जिसके बाद अंतिम 3 नाम शॉर्टलिस्ट किए गए हैं।



