लखनऊ: कोर्ट के आदेश के बाद सांसद अफजाल अंसारी को मिली डालीबाग की सील संपत्ति, दो बेटियों के साथ पहुंचे कब्जा लेने

लखनऊ: कोर्ट के आदेश के बाद सांसद अफजाल अंसारी को मिली डालीबाग की सील संपत्ति, दो बेटियों के साथ पहुंचे कब्जा लेने
लखनऊ, 2 सितंबर 2026। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र के डालीबाग स्थित बहुचर्चित संपत्ति पर आखिरकार सांसद अफजाल अंसारी को कानूनी कब्जा मिल गया। अदालती आदेश के बाद मंगलवार को गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी अपनी दोनों बेटियों के साथ मौके पर पहुंचे।
नगर निगम और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में उन्हें संपत्ति का भौतिक कब्जा सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई।
क्या है पूरा मामला?
डालीबाग स्थित यह बिल्डिंग पूर्व में माफिया मुख्तार अंसारी और अफजाल अंसारी के परिवार से जुड़ी होने के कारण कानूनी प्रक्रिया के तहत गाजीपुर जिला प्रशासन द्वारा सील कर दी गई थी। सील होने के बाद इसे रख-रखाव के लिए लखनऊ नगर निगम को सुपुर्द किया गया था।
परिवार की ओर से कोर्ट में इस संपत्ति को लेकर याचिका दायर की गई थी। कोर्ट से पक्ष में फैसला आने के बाद गाजीपुर के डीएम के आदेश पर नगर निगम की टीम कब्जा हस्तांतरित करने पहुंची।
नगर निगम की टीम ने क्या किया?
जानकारी के मुताबिक, इस बिल्डिंग का मुख्य गेट पहले डालीबाग की तरफ वाली सड़क पर था। अब यह गेट LDA द्वारा बनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना की बाउंड्री से बंद हो गया है। ऐसे में अब 1090 की ओर वाली बंधा रोड की तरफ से बिल्डिंग का कब्जा दिया जा रहा है।
गेट के सामने जमा कूड़े को नगर निगम की टीम साफ करा रही है। मौके पर पहुंची टीम में नगर निगम के नायब तहसीलदार राजेंद्र कुमार और लेखपाल शामिल हैं, जो चाबी सौंपने और कागजी कार्रवाई पूरी कर रहे हैं।
इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।


