जखनियां (गाजीपुर) : डीएम व सीडीओ ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सादात का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद

डीएम व सीडीओ ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सादात का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद
व्यवस्थाओं का लिया जायजा, छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर बढ़ाया उत्साह, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व सुरक्षा पर दिया जोर

जखनियां (गाजीपुर)। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बुधवार को विकास खंड जखनियां अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सादात का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छात्रावास, कक्षाओं, भोजनालय, रसोईघर, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, आवास, स्वास्थ्य तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बालिकाओं की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है। छात्राओं को इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना चाहिए।इस दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों के बीच पहुंचने और चॉकलेट मिलने से छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, छात्रावास की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता तथा सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय में यदि किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा छात्राओं को सभी मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय की वार्डेन, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।



