गाजीपुर : गाजीपुर में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 6.19 लाख पशुओं को लगेगा निःशुल्क टीका

गाजीपुर में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 6.19 लाख पशुओं को लगेगा निःशुल्क टीका
डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की टीकाकरण टीमों की गाड़ियां, 5 सितंबर तक चलेगा अभियान
गाजीपुर। जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के तहत बुधवार को आठवें चरण के एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने राइफल क्लब परिसर से टीकाकरण टीमों की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही ने बताया कि यह अभियान 22 जुलाई से 5 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान जनपद के 6 लाख 19 हजार 400 गाय एवं भैंसों का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका पशुओं में तेजी से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जिससे पशुओं को तेज बुखार, कमजोरी तथा मुंह और खुरों में छाले हो जाते हैं। बीमारी के कारण पशु चारा खाने में भी असमर्थ हो जाते हैं, जिससे उनकी उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है।उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए पशुपालन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद के सभी 16 विकास खंडों में 48 टीमें गठित की गई हैं, जो गांव-गांव और घर-घर जाकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपनी गाय एवं भैंसों का टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि कोई भी पशु इस अभियान से वंचित न रहे।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि चार माह से कम आयु के बछड़ों तथा आठ माह से अधिक गर्भित पशुओं को यह टीका नहीं लगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। अभियान की नियमित निगरानी भी की जाएगी, जिससे निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा किया जा सके।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, जनपद के सभी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी तथा मोबाइल वेटेनरी यूनिट के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



