देवरिया : जनता दर्शन में 96 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मिला आयुष्मान कार्ड, डीएम के निर्देश पर तत्काल बनी सुविधा

यूपी देवरिया
👉जनता दर्शन में 96 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मिला आयुष्मान कार्ड, डीएम के निर्देश पर तत्काल बनी सुविधा
👉नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी पात्र बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं।
👉जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने एक बार फिर संवेदनशील प्रशासन का परिचय दिया। जनता दर्शन के दौरान 96 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया गया, जबकि एक अन्य पात्र व्यक्ति का श्रमिक कार्ड भी तत्काल बनवाया गया।
👉विकासखंड तरकुलवा के ग्राम सिमरी निवासी करीब 96 वर्षीय बुचना पांडेय ने जिलाधिकारी को अपनी आर्थिक व असहाय स्थिति बताते हुए आयुष्मान कार्ड बनवाने की गुहार लगाई। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ जनता दर्शन स्थल पहुंचे और बुचना पांडेय का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें सौंप दिया।
👉जिलाधिकारी ने स्वयं बुजुर्ग महिला को कार्ड प्रदान करते हुए बताया कि अब वह सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ ले सकेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों को बिना किसी विलंब के सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
👉इसी दौरान विकासखंड भलुअनी के ग्राम सुराहा निवासी महेंद्र प्रसाद अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उनकी स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को तत्काल श्रमिक कार्ड बनाने के निर्देश दिए। श्रम विभाग की टीम ने मौके पर ही उनका श्रमिक कार्ड तैयार कर सौंप दिया, जिससे वे उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
👉जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध तरीके से योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
👉साथ ही आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी पात्र बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं। इसके लिए विकासखंड स्तर पर लक्ष्य निर्धारित किए जाएं तथा तहसील दिवस और थाना समाधान दिवस में विशेष शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र बुजुर्गों को योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



