गाजीपुर : नोनहरा पुलिस की बड़ी सफलता: साइबर ठगी के शिकार युवक को दिलाए ₹6,500, क्रेडिट कार्ड खाते में वापस आई पूरी रकम

नोनहरा पुलिस की बड़ी सफलता: साइबर ठगी के शिकार युवक को दिलाए ₹6,500, क्रेडिट कार्ड खाते में वापस आई पूरी रकम
गाजीपुर। जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नोनहरा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम के प्रयास से ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड फ्रॉड का शिकार हुए एक व्यक्ति की ₹6,500 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक उसके क्रेडिट कार्ड खाते में वापस कराई गई।जानकारी के अनुसार, श्रीप्रकाश प्रजापति पुत्र रामजी प्रजापति, निवासी जल्लापुर, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर, 22 जून 2026 को ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। ठगी की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नोनहरा की साइबर हेल्प डेस्क ने मामले को गंभीरता से लिया। साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी एवं उनकी टीम ने संबंधित क्रेडिट कार्ड कंपनी से लगातार समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की।पुलिस टीम के अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप ठगी की गई ₹6,500 की पूरी धनराशि शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर श्रीप्रकाश प्रजापति ने खुशी व्यक्त करते हुए थाना नोनहरा पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क की सराहना की तथा पूरी टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया।इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी, कांस्टेबल शिवम शर्मा, कांस्टेबल प्रभात कुमार, महिला कांस्टेबल शालू सरोज एवं आरक्षी अरुण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



