किताब पर खिलौना बुल्डोजर, जंजीर में जकड़ा सिस्टम! जौहर यूनिवर्सिटी और सोनम वांगचुक के समर्थन में लखनऊ की सड़कों पर उतरे ‘सपाइयों’ का हंगामा

किताब पर खिलौना बुल्डोजर, जंजीर में जकड़ा सिस्टम! जौहर यूनिवर्सिटी और सोनम वांगचुक के समर्थन में लखनऊ की सड़कों पर उतरे ‘सपाइयों’ का हंगामा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ एक अनोखा और आक्रामक प्रदर्शन किया। सपा यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने हाथों में किताबें थामी हुई थीं, जिन पर सांकेतिक रूप से एक खिलौना बुल्डोजर रखा हुआ था और उसे लोहे की जंजीरों से बांधा गया था। कार्यकर्ता ‘मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी’ पर हो रही कार्रवाई और लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता ‘सोनम वांगचुक’ के समर्थन में बैनर-पोस्टर लेकर विधानसभा की तरफ बढ़े, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
पुलिस से झड़प, सड़क पर लेटे कार्यकर्ता
प्रदर्शनकारी जैसे ही विधानसभा के करीब पहुंचे, मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर सपा कार्यकर्ता विरोध स्वरूप सड़क पर ही लेट गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और करीब 10 से 12 कार्यकर्ताओं को जबरन उठाकर पुलिस बस में बैठा दिया। हिरासत में लिए गए इन प्रदर्शनकारियों को तुरंत ‘इको गार्डन’ धरना स्थल भेज दिया गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 5 मिनट के भीतर प्रदर्शन स्थल को खाली करा लिया।
बीजेपी कार्यालयों के भी नक्शे पास नहीं” – उदय सिंह
प्रदर्शन में शामिल सपा नेता उदय सिंह ने मीडिया से बातचीत में सीधे सत्ता पक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा:
”आज जौहर यूनिवर्सिटी पर दुर्भावनापूर्ण तरीके से कार्रवाई की जा रही है। इनकी पूरी राजनीति सिर्फ यादवों और इस शिक्षण संस्थान के विरोध पर टिकी है। अगर निष्पक्ष जांच हो, तो बीजेपी के कई बड़े कार्यालयों के नक्शे भी पास नहीं मिलेंगे।”
”यह सरकार पूरी तरह शिक्षा विरोधी है” – मनीष कुमार
वहीं, प्रदर्शनकारी मनीष कुमार ने सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। उन्होंने कहा:
”मौजूदा सरकार में पूरी शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त किया जा रहा है। यह सरकार पूरी तरह से शिक्षा विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है, जिसके खिलाफ हम सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं।”

