गोरखपुर के युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की रहस्यमयी मृत्यु की सीबीआई जांच हो: गोरक्षनाथ सनातन संघ

गोरखपुर के युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की रहस्यमयी मृत्यु की सीबीआई जांच हो: गोरक्षनाथ सनातन संघ
गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सह दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष पंडित संतोष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विनोद कुमार त्रिपाठी जी ने गोरखपुर के युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के असामयिक एवं रहस्यमयी निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्र, समाज और विज्ञान जगत के लिए अत्यंत पीड़ादायक एवं अपूरणीय क्षति बताया है।
श्री विनोद कुमार त्रिपाठी जी ने कहा कि राहुल सिंह विलक्षण प्रतिभा के धनी, राष्ट्रहित के प्रति समर्पित और वैज्ञानिक सोच से परिपूर्ण युवा थे। उन्होंने मात्र 13 वर्ष की आयु में ड्रोन का निर्माण कर अपनी असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया तथा 16 वर्ष की आयु में बैटरी से संचालित ट्रैक्टर विकसित कर यह सिद्ध कर दिया कि भारत का युवा यदि अवसर और प्रोत्साहन पाए तो विश्व स्तर पर देश का गौरव बढ़ा सकता है। उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत था और उनका असमय जाना पूरे राष्ट्र के लिए अत्यंत दुखद है।
उन्होंने कहा कि राहुल सिंह की रहस्यमयी मृत्यु ने अनेक गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। देशभर में उनके शुभचिंतकों, वैज्ञानिक समुदाय एवं सामाजिक संगठनों के बीच इस घटना को लेकर गहरी चिंता और पीड़ा है। ऐसे में सत्य को सामने लाने तथा जनमानस का विश्वास बनाए रखने के लिए इस पूरे प्रकरण की सीबीआई से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाना अत्यंत आवश्यक है।
श्री त्रिपाठी ने केंद्र एवं संबंधित राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि मामले के प्रत्येक पहलू की गहन जांच कराई जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही या प्रभाव से जांच प्रभावित न होने दी जाए तथा यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि न्याय होते हुए दिखाई भी देना चाहिए।
गोरक्षनाथ सनातन संघ ने दिवंगत युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व, राष्ट्रभक्ति, वैज्ञानिक सोच और समाज के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। संगठन ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।
इस अवसर पर गोरक्षनाथ सनातन संघ के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा संकल्प लिया कि संगठन न्याय की मांग के समर्थन में सदैव पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहेगा और सत्य सामने आने तक अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।



