गोरखपुर 6 घंटे में बना ‘समंदर’, अस्पतालों-दुकानों में घुसा पानी; 75 जिलों में महा-अलर्ट!

गोरखपुर 6 घंटे में बना ‘समंदर’, अस्पतालों-दुकानों में घुसा पानी; 75 जिलों में महा-अलर्ट!
लखनऊ / गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में मानसून के दोबारा एक्टिव होते ही कई जिलों में आसमानी आफत बरस पड़ी है। सबसे बदतर हालात गोरखपुर में देखने को मिले हैं, जहां महज़ 6 घंटों की मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के 75 शहरों में अलर्ट जारी किया है।
गोरखपुर में ‘जलप्रलय’: 110 मिमी बारिश से थमी जिंदगी
गोरखपुर में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह 7 बजे तक हुई रिकॉर्ड 110 मिलीमीटर बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
अस्पताल डूबे: शहर के जिला अस्पताल के ओपीडी (OPD) परिसर में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे मरीजों और डॉक्टरों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।
कारोबार ठप: शाहपुर इलाके में स्थित राप्ती कॉम्प्लेक्स के पास नाला फटने से कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर की 200 से ज्यादा दुकानें पूरी तरह पानी में डूब गई हैं। करोड़ों के नुकसान की आशंका है।
सड़कें बनीं तालाब: शहर के प्रमुख चौराहों पर 4 फीट तक जलभराव हो गया है। गाड़ियां और मोटरसाइकिलें आधी डूब चुकी हैं, जिससे कई वाहन सड़कों पर ही बंद हो गए। इसके अलावा सरयू नहर टूटने से कई बीघा फसल जलमग्न हो गई है।
प्रतापगढ़ में एसपी दफ्तर डूबा, काशी में आरती का स्थान बदला
आफत की यह बारिश सिर्फ गोरखपुर तक सीमित नहीं है:
प्रतापगढ़: यहाँ स्थिति इतनी खराब है कि पुलिस कप्तान (SP) के दफ्तर में भी बाढ़ का पानी घुस गया है।
वाराणसी (काशी): गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण प्रसिद्ध ललिता घाट पर होने वाली गंगा आरती का स्थान बदलना पड़ा है।
अन्य शहर: बरेली, आगरा, लखीमपुर खीरी सहित 15 शहरों में रुक-रुक कर भारी बारिश जारी है, जबकि लखनऊ और कानपुर सहित 30 से अधिक जिलों में घने बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी: 31 शहरों में ‘बिजली’ गिरने का खतरा
IMD अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार, मानसून राज्य में एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है, जिसमें से 31 शहरों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली (Lightening) गिरने की गंभीर आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।



