गाजीपुर : यूनियन बैंक ने प्रधानमंत्री बीमा योजनाओं के लाभार्थियों के परिजनों को सौंपे बीमा दावे के चेक

यूनियन बैंक ने प्रधानमंत्री बीमा योजनाओं के लाभार्थियों के परिजनों को सौंपे बीमा दावे के चेक
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने पर दिया गया जोर
गाजीपुर, 15 जुलाई। जनपद के अग्रणी बैंक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा क्षेत्रीय कार्यालय, गाजीपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के परिजनों को बीमा दावे के चेक वितरित किए गए।कार्यक्रम में बैंक के अंचल प्रमुख (वाराणसी) टी. कामेश्वर राव ने उप अंचल प्रमुख के.डी. गुप्ता, क्षेत्र प्रमुख (गाजीपुर) विनय शंकर, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार तथा अन्य बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में लाभार्थियों के परिजनों को चेक प्रदान किए।इस अवसर पर बताया गया कि भारत सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर आम नागरिकों को बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। किसी अप्रत्याशित घटना की स्थिति में इन योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।बैंक अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं सामान्य वर्ग के लोगों को कम प्रीमियम में बेहतर बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।



