गोरखपुर तरंग ओवरब्रिज पर वाहनों की एंट्री बंद, 20 दिनों तक होगी मरम्मत

गोरखपुर तरंग ओवरब्रिज पर वाहनों की एंट्री बंद, 20 दिनों तक होगी मरम्मत
गोरखपुर। शहर के हुमायूंपुर और धर्मशाला के बीच स्थित तरंग ओवरब्रिज की मरम्मत मंगलवार से शुरू होगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) निर्माण खंड-3 ने सोमवार की रात में इसे बंद कर दिया है। 20 दिन तक यह कार्य चलेगा। उसके बाद इसे आवागमन के लिए खोला जाएगा।एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान ओवरब्रिज को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इस दौरान वाहनों को दूसरी तरफ से डायवर्ट किया जाएगा। वैकल्पिक रास्ता गोरखनाथ और धर्मशाला ओवरब्रिज होकर वाहन चालक जा सकते हैं। पुल पर यातायात कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। निर्धारित योजना के अनुसार मरम्मत का काम 20 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा, ताकि यातायात सामान्य रूप से संचालित हो सके।
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता यूपी सिंह ने बताया कि मरम्मत के दौरान पुल के एक्सपेंशन जॉइंट्स और बियरिंग बदले जाएंगे। लंबे समय से उपयोग में रहने के कारण इन हिस्सों में तकनीकी मरम्मत की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। कार्य पूरा होने के बाद पुल की संरचनात्मक मजबूती बढ़ेगी और वाहन चालकों को अधिक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
दरअसल, तरंग ओवरब्रिज शहर के प्रमुख यातायात मार्गों में शामिल है। यह रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले भारी जाम से राहत दिलाने के साथ हुमायूंपुर, धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण माध्यम है।



