दुखद हादसा: राप्ती नदी के करतहरी घाट पर रील बनाना पड़ा भारी, दो युवकों की डूबकर मौत-घंटों बाद मिले शव

दुखद हादसा: राप्ती नदी के करतहरी घाट पर रील बनाना पड़ा भारी, दो युवकों की डूबकर मौत-घंटों बाद मिले शव
शनिवार को सात युवक नदी में नहाने के दौरान मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान अचानक दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही पीपीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। कुछ देर बाद पहले युवक शिवम कुमार (पुत्र संजीव कुमार), निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही, थाना सहजनवा का शव बरामद हुआ।
पीपीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम करतहरी के पास शनिवार को राप्ती नदी में रील बनाकर नहाना सात युवकों को भारी पड़ गया। नहाते समय दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सात युवक नदी में नहाने के दौरान मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान अचानक दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलते ही पीपीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।कुछ देर बाद पहले युवक शिवम कुमार (पुत्र संजीव कुमार), निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही, थाना सहजनवा का शव बरामद हुआ। इसके बाद दूसरे युवक गोलू कुमार (पुत्र रामदीन, उम्र करीब 19 वर्ष), निवासी ग्राम जगदीशपुर गाही की तलाश के लिए पीएसी की 26वीं वाहिनी के गोताखोरों को भी लगाया गया। कई घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद उसका भी शव बरामद कर लिया गया।
घटना की जानकारी पर सदर तहसील प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में नदी में तेज बहाव और गहराई को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-तालाबों में नहाते समय सावधानी बरतें और सोशल मीडिया के लिए जोखिम भरे स्टंट या रील बनाने से बचें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।



